मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 10 अक्टूबर को दिल्ली में हो रहे ‘जंतर-मंतर 2.0’ प्रदर्शन के दौरान बड़े पैमाने पर हिरासत की कार्रवाई की गई. मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, दिल्ली में 1,500 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है. इनमें राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता, प्रदर्शन के आयोजक, पत्रकार, वकील, सामाजिक कार्यकर्ता और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर शामिल हैं. प्रदर्शन का आयोजन कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने किया है.
प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. प्रदर्शन में शामिल होने पहुंचे कुछ नेताओं और आयोजकों को एयरपोर्ट पर ही हिरासत में ले लिया गया, जबकि कई अन्य लोगों को प्रदर्शन स्थलों के आसपास से पकड़ा गया. पत्रकारों को भी रिपोर्टिंग के दौरान हिरासत केंद्र ले जाए जाने की खबर है.
प्रदर्शन आयोजित करने वाली कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके, सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली एयरपोर्ट पर विमान से उतरने के बाद हिरासत में लिया गया था. जिसके बाद पार्टी से जुड़ीं रत्ना सिंह का नाम भी हिरासत में लिया गया.
पूर्व मुख्यमंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं के नाम भी शामिल
डिटेन किए गए लोगों में कई वरिष्ठ राजनीतिक नेताओं के नाम शामिल है. इनमें केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री मणिक सरकार और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम शामिल हैं.
वामपंथी दलों के जिन नेताओं के नाम रिपोर्टों में सामने आए हैं, उनमें CPI(M) के महासचिव एम. ए. बेबी, वरिष्ठ नेता एम. वी. गोविंदन, ए. विजयराघवन, वृंदा करात, के. के. शैलजा और पी. के. श्रीमती शामिल हैं. राज्यसभा सांसद जॉन ब्रिटास और केरल के पूर्व वित्त मंत्री के. एन. बालगोपाल को भी हिरासत में लिया गया है.
प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रहे पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने का मामला भी सामने आया है. द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 15 पत्रकारों को हिरासत केंद्र ले जाया गया. इनमें न्यूज़लॉन्ड्री के अश्वाइन कुमार सिंह, सव्यसाची आस्था और अनमोल प्रीतम, स्क्रॉल के आयुष तिवारी और शोएब दानियाल, नवभारत टाइम्स के ऋतिक जोशी और राहुल चरास तथा रिपोर्टर टीवी की रोशनी राजन और फरजा टी. एम. के नाम शामिल हैं.
अभिनेता, सामाजिक कार्यकर्ता और अन्य प्रदर्शनकारी भी हिरासत में
हिरासत संबंधी रिपोर्टों में अभिनेता राज जुत्शी और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा बोरा के नाम भी सामने आए हैं. सुप्रीम कोर्ट क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे कुछ वकीलों को हिरासत में लिए जाने की भी खबर है.
दिल्ली के बाहर भी हुई कार्रवाई
दिल्ली के बाहर भी डिटेन करने का सिलसिला चला है, यूट्यूबर ध्रुव राठी को गुरुग्राम स्थित आवास से हिरासत लिया गया, वहीं तुषार गांधी और फिरोज मिथिबोरवाला के मुंबई में तथा मनीष सिसोदिया के चंडीगढ़ में डिटेन किया गया. दिल्ली में 40,000 से अधिक दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के जवानों की तैनाती की गई है.
Also Read : कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके दिल्ली एयरपोर्ट पर डिटेन, सौरव दास और आशुतोष रांका भी हिरासत में

