Chatra : चतरा जिले के सिमरिया प्रखंड में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा सिमरिया के शीला पिकेट लेपो क्षेत्र में घने कोहरे के कारण हुआ, जहां दृश्यता काफी कम थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे सड़क पर साफ दिखाई नहीं दे रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने साइकिल सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही शीला पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र नहीं मिलने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर शव की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश के लिए नाकेबंदी कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि घने कोहरे के दौरान वाहन सावधानी से चलाएं और गति नियंत्रित रखें। फिलहाल पुलिस मृतक की शिनाख्त सुनिश्चित करने और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के प्रयास में जुटी हुई है।
Also Read : बिहार में कोहरे का असर, कई ट्रेनें रद्द तो कई लेट, रेलवे ने जारी की सलाह


