Patna : बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को सदाकत आश्रम में जिला पर्यवेक्षकों की बैठक बुलाई है। यह बैठक दोपहर 2:30 बजे से शुरू होगी। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम करेंगे। इसमें संगठन सृजन अभियान के तहत पार्टी को मजबूत करने को लेकर चर्चा की जाएगी।
कांग्रेस पार्टी बिहार के हर जिले में संगठन को मजबूत करने में जुटी है। जिलाध्यक्षों को प्रखंड स्तर तक कमेटियां बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही आने वाले पंचायत और वार्ड चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से तैयारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं, 27 दिसंबर को दिल्ली में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक होगी। इस बैठक में बिहार से चार नेता शामिल होंगे। इनमें पूर्व लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार और कटिहार सांसद तारिक अनवर कार्यसमिति सदस्य के रूप में मौजूद रहेंगे। राज्यसभा सांसद अखिलेश प्रसाद सिंह और जेएनयू छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार स्थायी आमंत्रित सदस्य के तौर पर भाग लेंगे।
दिल्ली की बैठक में बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार की समीक्षा की जाएगी। साथ ही ओबीसी एजेंडे से पार्टी को कितना फायदा हुआ, इस पर भी चर्चा होगी। बैठक के बाद यह साफ हो सकता है कि कांग्रेस आगे किस वोट बैंक पर ज्यादा ध्यान देगी। जरूरत पड़ने पर पार्टी अपने पुराने वोट बैंक सवर्ण, दलित और मुस्लिम को फिर से साधने की रणनीति बना सकती है। फिलहाल बिहार विधानसभा में कांग्रेस के कुल 6 विधायक हैं।
Also Read : दिल्ली के कैथेड्रल चर्च की प्रार्थना सभा में शामिल हुए पीएम मोदी, दिया प्रेम और सद्भाव का संदेश


