Kaimur : बिहार के कैमूर जिले में एक भयंकर सड़क हादसा हुआ। मोहनिया थाना क्षेत्र के दादर के पास एक कार और ट्रक की जोरदार टक्कर में भभुआ मुख्यालय के डीएसपी और क्राइम सेक्शन के इंस्पेक्टर सहित चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गए। मिली जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी पटना से भभुआ लौट रहे थे। जैसे ही उनकी कार दादर के पास पहुंची, सामने से आ रही ट्रक से टक्कर हो गई। हादसे में डीएसपी गजेंद्र कुमार, क्राइम सेक्शन इंस्पेक्टर राजेश कुमार, चालक राजीव कुमार और पुलिसकर्मी करण कुमार घायल हुए।
घटना की सूचना मिलते ही मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए मोहनिया अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टर विंध्याचल सिंह ने बताया कि सभी घायलों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें उच्च स्तरीय इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है। हादसे के कारण कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बोनट, इंजन और डैशबोर्ड क्षेत्र भारी नुकसान में हैं।
पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक गलत दिशा से आ रहा था, जिससे टक्कर हुई। अधिकारियों ने कहा कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
Also Reda : EPFO ने EDLI स्कीम में बड़ा बदलाव, नौकरी बदलने पर भी मिलेगा बीमा लाभ


