Giridih : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ। बगोदर बस स्टैंड चौक के पास तेज रफ्तार से आ रही स्विफ्ट कार और हजारीबाग की ओर जा रही पिकअप माल वैन आमने-सामने टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क पर मलबा बिखर गया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि अगर उस समय चौक पर ज्यादा भीड़ होती तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।
इस हादसे में पिकअप वाहन का चालक घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे वाहन से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा। घायल की हालत गंभीर नहीं बताई जा रही है, लेकिन सिर और शरीर पर चोटें आई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर थाना ले गई। थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं और घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।


