Johar Live Desk : हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एम्स्टर्डम से आ रही KLM एयरलाइंस की फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए रविवार देर रात मिली थी। धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। फ्लाइट ने रात करीब 1 बजे सुरक्षित लैंडिंग की और विमान को मुख्य टर्मिनल से दूर एक सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए विमान और सामान की पूरी जांच की गई।
CISF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने विमान की गहन तलाशी ली। जांच के बाद कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और धमकी को फर्जी घोषित कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दिसंबर महीने में हैदराबाद एयरपोर्ट पर कई घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को इसी तरह की बम धमकियां मिल चुकी हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई है।
पुलिस और साइबर क्राइम टीमें इन मामलों की जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि धमकी भेजने के लिए विदेशी सर्वर और VPN का इस्तेमाल किया जा रहा है।
Also Read : दिल्ली में GRAP-4 लागू, नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई


