Giridih : गिरिडीह में होली के बाद का माहौल एकदम खून-खराबे में बदल गया है। जिले के हुट्टी बाजार के रविदास टोला में डीजे बजाने को लेकर छोटा-सा विवाद इतना बड़ा हो गया कि एक युवक की जान चली गई और तीन लोग बुरी तरह घायल हो गए। पूरी घटना बीती देर रात की है जब लोग अभी होली का मजा ले रहे थे।
बच्चों के झगड़े से शुरू हुआ सब कुछ
दरअसल, मुहल्ले में होली के बाद बीती रात डीजे जोर-शोर से बज रहा था। नाच-गाना चल रहा था, माहौल अच्छा था। तभी मुहल्ले के कुछ बच्चों के बीच किसी बात को लेकर छोटा-मोटा विवाद हो गया। बच्चे आपस में लड़ने लगे तो बड़े लोग बीच-बचाव करने पहुंच गए। अजय कुमार दास, उम्र 30 साल और कुछ अन्य लोग भी आए, उन्होंने डीजे बंद कराने की कोशिश की ताकि झगड़ा शांत हो जाए।
अचानक चाकू-उस्तरा लेकर हमला
लेकिन तभी हुट्टी बाजार के ही रहने वाले रवि दास, रॉबिन दास, रोनित दास और रोहित दास वहां पहुंच गए। बस देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। इन लोगों ने अजय दास और बाकी लोगों पर चाकू और उस्तरा से जमकर वार कर दिए। हमला इतना तेज था कि चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय कुमार दास को सबसे ज्यादा चोटें आईं। मौके पर ही अफरातफरी मच गई, चीख-पुकार होने लगी।
अस्पताल पहुंचते ही एक की मौत
आसपास के लोग दौड़े और घायलों को फौरन सदर अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने जांच की तो अजय कुमार दास को मृत घोषित कर दिया गया। बाकी तीन घायल हैं -राजेश दास, परदूमन दास और प्रेम दास। इनका इलाज अभी भी चल रहा है, हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल में परिजन रोते-बिलखते नजर आए, पूरा परिवार सदमे में है।
आरोपी फरार, इलाके में तनाव
घटना के बाद पूरा हुट्टी बाजार इलाका दहशत में आ गया। आरोपी चारों फरार हो गए हैं। पुलिस ने मामला गंभीरता से लिया है। नगर थाना प्रभारी रतन कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही हैं। नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। शव का पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा चुका है। डीएसपी नीरज कुमार सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने मौके पर जाकर पूरी जानकारी ली और पुलिस बल के साथ इलाके में शांति बनाए रखने के इंतजाम किए। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लोग डरे हुए हैं।
Also Read : रामनवमी तक बन सकती है नई सरकार, बिहार में बदलेगा सत्ता का समीकरण


