देवघर: सारठ-पालाजोरी मुख्य पथ पर पेट्रोल पंप कर्मी से 7.76 लाख की लूट, आंख में मिर्च पाउडर डालकर दिया लूट को अंजाम

सोमवार के दिन देवघर जिला के सारठ पालाजोरी मार्ग पर गोपीबांध के पवार हाउस के समीप पेट्रोल पंप कर्मी से 776000 रुपये लूट की घटना हुई है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार पालाजोरी के बसहा के समीप स्थित भारत पेट्रोलियम पम्प के दो कर्मचारी पैसा जमा कराने सारठ एसबीआइ जा रहे थे। इसी बीच पावर हाउस के समीप एक बाइक सवार ने पंप के कर्मचारियों को रोका।

अपराधियों ने पंप कर्मचारियों की आंख में मिर्च पाउडर छिड़क दिया। इसी दौरान दो अन्य बाइक पर सवार अपराधी भी वहां पहुंच गए। अपराधियों ने पम्प कर्मियों से 7.76 लाख रुपये लूट लिए। बताया जा रहा है कि अपराधी पैसा लूट कर चितरा की तरफ फरार हो गए। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है।
वहीं दिनदहाड़े हुई इस लूटकांड के बाद सारठ अनुमंडल पुलिस की पुलिसिया कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़ा हो रहा है।