Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित डॉ बदर नर्सिंग होम में इलाज के दौरान 16 वर्षीय किशोर रियान आलम की मौत हो गई। रियान मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर-13 का रहने वाला था। परिजनों के अनुसार, उसे पेट में दर्द की शिकायत हुई थी, जिसके बाद गुरुवार को उसे नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने अपेंडिक्स का ऑपरेशन करने की सलाह दी और उसी रात ऑपरेशन की तैयारी शुरू की गई।
इंजेक्शन के बाद बिगड़ी हालत, गंभीर आरोप
परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन से पहले तक रियान की हालत सामान्य थी। लेकिन तैयारी के दौरान ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने उसे एक इंजेक्शन दिया, जिसके तुरंत बाद उसकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। बताया जा रहा है कि उसके मुंह से पानी निकलने लगा और हालत गंभीर हो गई। परिजनों का कहना है कि इस स्थिति के बावजूद डॉक्टरों ने लेजर तकनीक से ऑपरेशन शुरू कर दिया, जिससे उसकी हालत और खराब हो गई।
सदर अस्पताल ले जाने पर हुई मौत
जब हालत काबू से बाहर हो गई, तो रियान को तुरंत सदर अस्पताल रेफर किया गया। परिजनों के मुताबिक, वहां पहुंचने के कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजन टूट गए और गुस्से में नर्सिंग होम में हंगामा किया। बाद में बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर विरोध जताया।
परसुडीह थाने में केस दर्ज, जांच शुरू
मृतक के पिता महमूद आलम ने परसुडीह थाने में नर्सिंग होम के डॉ असरफ बदर, डॉ अजय और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला परसुडीह थाना क्षेत्र में इसलिए दर्ज हुआ क्योंकि किशोर की मौत सदर अस्पताल में हुई, जो उसी थाना क्षेत्र में आता है।
ओवरडोज का आरोप, डॉक्टरों पर उठे सवाल
परिजनों ने इंजेक्शन के ओवरडोज को मौत की वजह बताया है और दोषी डॉक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई है। पुलिस अब डॉक्टरों और नर्सिंग होम प्रबंधन से पूछताछ की तैयारी कर रही है।
स्वास्थ्य विभाग भी हरकत में, जांच की तैयारी
घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग भी सक्रिय हो गया है। नर्सिंग होम के लाइसेंस, इलाज की प्रक्रिया और पूरी कार्यप्रणाली की जांच की बात कही जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नर्सिंग होम को लेकर पहले भी शिकायतें आती रही हैं। इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश है और लोग पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।
Also Read : सिदगोड़ा ह’त्याकांड में 5 साल बाद पुलिस को मिली सफलता, फरार मुख्य आरोपी नान्टु सैनी गिरफ्तार


