सरायकेला : ओडिशा के व्यापारी से 22 लाख की लूट, पुलिस जुटी जांच में

सरायकेला। मझगांव थाना क्षेत्र के खैरपाल सादोमसाई चौक के पास अज्ञात अपराधियों ने एक स्कॉर्पियो समेत 22 लाख रुपये लूट की घटना को अंजाम दिया है। ओडिशा के मयुरभंज जिला के व्यापारी सुनील कुमार के प्राइवेट मैनेजर योगेन्द्र कामिला जैंतगढ़ से पैसों का कलेक्शन कर स्कॉर्पियो से मझगांव होते हुए ररुंआ लौट रहे थे। उसी दौरान पहले से घात लगा कर बैठे अज्ञात अपराधियों ने खैरपाल के सादोमसाई हाथी चौक मोड़ के पास वाहन को रोक दिया। उसी दौरान हथियार के बल पर चालक व मैनेजर को वाहन से उतार कर स्कॉर्पियो सहित 22 लाख नगद लेकर फरार हो गये।

इसकी जानकारी मिलते ही मझगांव पुलिस तत्काल ही एक्शन में आ गई। लूट की घटना की जानकारी होते ही जगन्नाथपुर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी इकुड डुंगडुंग समेत अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारी घटना स्थल पहुंच कर मामले की जानकारी लिये। साथ ही सीमावर्ती थाना कुमारडुंगी, मंझारी, तांतनगर, जगन्नाथपुर आदि को सतर्क कर दिया गया।

इसी दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि कुमारडुंगी में एक स्कॉर्पियो लावारिस खड़ी है। जिसे लूट कांड को अंजाम लेने वाले अपराधियों ने कुमारडुंगी में वाहन को खड़ा कर रुपये से भरा बैग लेकर फरार हो गये।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक पुलिस ने पूर्वी सिंहभूम जिला के हल्दी पोखर से कुछ युवकों को लूट के पैसों के साथ गिरफ्तार किया है। हालांकि पुलिस ने अबतक इसकी पुष्टि नहीं की है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए जगन्नाथपुर एसडीपीओ इकुड डुंगडुंग ने कहा कि लूट की घटना हुई है, पुलिस पूरे मामले की जांच में लगी हुई है। कुछ भी कहना अभी जल्दबाजी होगी।