जोहार लाइव ब्यूरो
भाजपा के संविधान गौरव दिवस मनाने को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राजनीतिक पाखंड और जनता को गुमराह करने की कवायद बताया है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान केवल आयोजन और भाषणों से नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों, समानता और सामाजिक न्याय की रक्षा से साबित होता है.
राकेश सिन्हा ने आरोप लगाया कि भाजपा सत्ता में रहते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता, विपक्ष की आवाज और नागरिकों के अधिकारों को लेकर सवालों के घेरे में रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए संविधान देश की आत्मा और लोकतंत्र की आधारशिला है. पार्टी संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है.
अंबेडकर चौक से बिरसा चौक तक निकलेगा मार्च
संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से राजधानी रांची में संविधान रक्षा मार्च निकाला जाएगा. सुबह 11 बजे अंबेडकर चौक से शुरू होकर मार्च बिरसा चौक तक पहुंचेगा. इसका नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश करेंगे.
मार्च में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, पार्टी के वरिष्ठ नेता, विधायक, सांसद, प्रदेश पदाधिकारी और विभिन्न अग्रणी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे.
राकेश सिन्हा ने कहा कि इस मार्च का उद्देश्य संविधान के मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाना और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनचेतना मजबूत करना है. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों और संविधान में विश्वास रखने वाले नागरिकों से मार्च में शामिल होने की अपील की.
उन्होंने कहा कि संविधान की रक्षा किसी एक राजनीतिक दल की लड़ाई नहीं, बल्कि देश के लोकतांत्रिक भविष्य की लड़ाई है. कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की मजबूती के लिए अपना संघर्ष जारी रखेगी.
Also Read : कोडरमा पुलिस ने ‘विश्वास’ अभियान के तेहत 15 लोगों को लौटाए खोए हुए मोबाइल फोन
No comments yet. Be the first to comment!