झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अर्जुन मुंडा की माता सायरा मुंडा का रविवार देर रात निधन हो गया. उनके निधन के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राज्यपाल संतोष गंगवार, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शोक व्यक्त करते हुए अर्जुन मुंडा और उनके परिवार के प्रति संवेदना जताई है.
सायरा मुंडा लंबे समय से अस्वस्थ थीं. तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली. उनकी उम्र 91 वर्ष बताई गई है.
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा को अपना बड़ा भाई बताते हुए उनकी माताजी के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि मां का निधन जीवन की अपूरणीय क्षति है. इस दुख की घड़ी में उन्होंने अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. साथ ही मरांग बुरु से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की.
झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार ने पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की पूज्य माताजी के निधन को दुखद बताते हुए शोक व्यक्त किया. उन्होंने इस कठिन समय में अर्जुन मुंडा और शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की.
वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सायरा मुंडा के निधन पर गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि मां की उम्र कितनी भी हो जाए, जब उनका हाथ सिर पर रहता है तो लगता है कि सब संभल जाएगा. उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल मिलने की कामना की.
इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अर्जुन मुंडा की पूजनीय मां के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में उनकी संवेदनाएं अर्जुन मुंडा और पूरे परिवार के साथ हैं.
सायरा मुंडा की अंतिम यात्रा सोमवार दोपहर 1 बजे जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित आवास से निकलेगी. अंतिम संस्कार भुइयांडीह स्थित स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर किया जाएगा. परिवार और शुभचिंतकों के लिए आवास पर अंतिम दर्शन की व्यवस्था की गई है.
No comments yet. Be the first to comment!