रांची: रिम्स जमीन घोटाले की जांच में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की है. विशेष निगरानी न्यायालय, रांची के आदेश पर एसीबी की अलग-अलग टीमों ने मामले से जुड़े सात पूर्व अधिकारियों के आवास पर एक साथ छापेमारी शुरू की है. इनमें तत्कालीन भूमि सुधार उप-समाहर्ता, अंचल अधिकारी और जिला अवर निबंधक स्तर के अधिकारी शामिल हैं. छापेमारी के दौरान एसीबी की टीम दस्तावेजों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है, ताकि जमीन घोटाले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें.
छापेमारी की कार्रवाई मनोज कुमार रंजन, राजेश कुमार, वैभवमणि त्रिपाठी, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, शैलेश कुमार और मनोज कुमार के आवास पर की जा रही है. ये सभी रिम्स जमीन घोटाले से संबंधित मामले में अप्राथमिकी अभियुक्त हैं.
राजस्व और निबंधन विभाग के पूर्व अधिकारी जांच के दायरे में
छापेमारी की जद में आए अधिकारियों में तत्कालीन भूमि सुधार उप-समाहर्ता मनोज कुमार रंजन, रांची शहर अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी राजेश कुमार और तत्कालीन जिला अवर निबंधक वैभवमणि त्रिपाठी, अविनाश कुमार तथा राहुल कुमार चौबे शामिल हैं. इनके अलावा बड़गाईं अंचल के तत्कालीन अंचल अधिकारी शैलेश कुमार और मनोज कुमार के ठिकानों पर भी तलाशी ली जा रही है.
इस मामले में एसीबी रांची थाना में कांड संख्या 01/2026 दर्ज है. प्राथमिकी में धोखाधड़ी, जालसाजी, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराएं लगाई गई हैं. मामला 5 जनवरी 2026 को दर्ज किया गया था. विशेष निगरानी न्यायालय से तलाशी का आदेश मिलने के बाद एसीबी ने 20 नवंबर को सातों अधिकारियों के आवास पर छापेमारी की है. फिलहाल एसीबी की कार्रवाई जारी है.
Also Read : Breaking सुखदेवनगर पुलिस ने 24 घंटे के अंदर हत्याकांड का किया खुलासा, 6 आरोपी चढ़े पुलिस के हत्थे

