रांची. छठ महापर्व को लेकर रांची पुलिस ने शहर की यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है. 15 और 16 नवंबर को छठ घाटों के आसपास वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा. पुलिस अधीक्षक यातायात कार्यालय की ओर से जारी सूचना के अनुसार, 15 नवंबर को सुबह 8 बजे से रात 11 बजे तक और 16 नवंबर को सुबह 2 बजे से सुबह 10 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश वर्जित रहेगा. इस दौरान भारी वाहन रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. हालांकि, नो-एंट्री का समय पूर्ववत लागू रहेगा.
15 नवंबर को दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक सभी छोटे मालवाहक वाहनों का रांची शहर में प्रवेश और परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. वहीं, दोपहर 3 बजे से रात 8 बजे तक चांदनी चौक कांके से राम मंदिर के बीच ऑटो और ई-रिक्शा का परिचालन बंद रहेगा.
इन सड़कों पर वाहनों का परिचालन रहेगा बंद
15 नवंबर को फिरायालाल से चडरी तालाब की ओर जाने वाली और जेल चौक से फिरायालाल जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा. इसके अलावा रणधीर वर्मा चौक से राजभवन, सीएमपीडीआई चौक से कांके डैम, औघड़ बाबा आश्रम एवं छोटा तालाब, उर्दू लाइब्रेरी से बड़ा तालाब, जैन मंदिर कटिंग एवं महिला मारवाड़ी कॉलेज से बड़ा तालाब और लक्ष्मीनारायण मंदिर से औघड़ बाबा आश्रम जाने वाली सड़कों पर भी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.
धुर्वा क्षेत्र में जुडिशियल अकादमी और सिठियो बस्ती (अंजली होटल) से धुर्वा डैम छठ घाट की ओर जाने वाली सड़क पर भी सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा.
छठ घाटों के पास बनाए गए पार्किंग स्थल
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए यातायात पुलिस ने शहर के अलग-अलग छठ घाटों के पास पार्किंग स्थल निर्धारित किए हैं. रणधीर वर्मा चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर नगर निगम पार्क के सामने और सड़क किनारे, एसएसपी आवास चौक से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे तथा जाकिर हुसैन पार्क से हटिया तालाब जाने वाले मार्ग पर खटाल और सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी.
राम मंदिर से कांके डैम जाने वाले मार्ग पर नगाबाबा खटाल और वेजिटेबल मार्केट पार्किंग, शालीमार बाजार से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शालीमार बाजार तथा शहीद मैदान से छठ तालाब जाने वाले मार्ग पर शहीद मैदान में पार्किंग निर्धारित की गई है.
इसके अलावा जेल चौक के पास सड़क किनारे और भगवान बिरसा मुंडा के पास, लालपुर यातायात थाना के पास, सर्जना चौक और फिरायालाल के बीच बने पार्किंग स्थल, चुटिया में सरस्वती शिशु मंदिर के बगल में, बनस तालाब और किशोरगंज चौक के पास सड़क किनारे पार्किंग की व्यवस्था रहेगी. देवेंद्र मांझी चौक के पास निवारणपुर में भी पार्किंग निर्धारित की गई है.
यातायात पुलिस के अनुसार, आवश्यकता पड़ने पर अन्य मार्गों को भी कुछ समय के लिए डायवर्ट या बंद किया जा सकता है. आकस्मिक सेवा के वाहनों को प्रतिबंध से छूट रहेगी. पुलिस ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है.


