रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता ऋषीकेश सिंह को हैदराबाद में आयोजित होने वाले द्वितीय भारत समिट (Forging a New World) में विशिष्ट प्रतिनिधि के रूप में आमंत्रित किया गया है. तेलंगाना सरकार की ओर से आयोजित यह अंतरराष्ट्रीय समिट 12 से 14 नवंबर तक चलेगा. इसमें भारत समेत 100 देशों के प्रतिनिधिमंडलों के शामिल होने का प्रस्ताव है.
समिट में ऋषीकेश सिंह युवा नेतृत्व, राजनीति और समसामयिक सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे.
प्रदेश कांग्रेस कमिटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि ऋषीकेश सिंह ने छात्र राजनीति से अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की. संगठन के प्रति समर्पण, संघर्ष और मेहनत के बल पर उन्होंने प्रदेश सचिव सह प्रवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है. उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर आमंत्रण मिलना उनके राजनीतिक और संगठनात्मक योगदान की पहचान है.
राकेश सिन्हा ने कहा कि यह उपलब्धि केवल ऋषीकेश सिंह की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड कांग्रेस और प्रदेश के युवाओं के लिए भी गर्व का विषय है. उम्मीद है कि वे समिट में झारखंड की आवाज और युवा नेतृत्व की आकांक्षाओं को प्रभावशाली ढंग से रखेंगे.
कांग्रेस के नेताओं ने दी बधाई
झारखंड से इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रतिनिधित्व का अवसर मिलने पर प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें बधाई दी है. झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, महिला कांग्रेस अध्यक्ष रमा खलखो समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने ऋषीकेश सिंह को शुभकामनाएं दी हैं. बधाई देने वालों में रविंद्र सिंह, हृदयानंद मिश्रा, विनय सिन्हा दीपू, राकेश सिन्हा, सतीश पॉल मुंजनी, कमल ठाकुर, सोनाल शांति और सुनील सिंह सहित अन्य कांग्रेसजन शामिल हैं.
Also Read : भगवान राम ने सीता को त्यागा, मैं उसके मंदिर कभी नहीं जाऊंगा’ : TMC सांसद कीर्ति आजाद


