झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ प्रखंड के आठ मजदूरों को बिहार के गया जिले से सुरक्षित वापस लाया गया है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन ने मजदूरों की सकुशल वापसी के लिए कार्रवाई की. सभी मजदूर हरलाडीह पंचायत के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं. वे रोजगार की तलाश में बिहार गए थे, जहां कथित तौर पर उन्हें बंधक जैसी परिस्थितियों का सामना करना पड़ा.
जानकारी के अनुसार, मजदूरों की परेशानी की सूचना मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तक पहुंची थी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर सभी मजदूरों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. मुख्यमंत्री के निर्देश पर गिरिडीह जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर मजदूरों को वापस लाने की पहल की.
हरलाडीह पंचायत के अलग-अलग गांवों के हैं मजदूर
सुरक्षित वापस लौटने वाले मजदूरों में सुनील मुर्मू, सुखु टुडू, सुरेंद्र मुर्मू, राजू बास्के, कर्मू टुडू, बाबूलाल मरांडी, दिनेश सोरेन और रंजीत मुर्मू शामिल हैं.
इनमें पांच मजदूर बड़वाडीह गांव के हैं. वहीं, राजू बास्के भेलवाडीह, कर्मू टुडू जरकाई और बाबूलाल मरांडी शाहपुरा के निवासी हैं. सभी पीरटांड़ प्रखंड की हरलाडीह पंचायत के रहने वाले हैं.
बताया गया कि सभी मजदूर बेहतर रोजगार और आजीविका की तलाश में बिहार के गया जिले गए थे. हालांकि, वहां पहुंचने के बाद वे ऐसी परिस्थितियों में फंस गए, जहां उनके लिए स्वतंत्र रूप से घर लौटना मुश्किल हो गया था. मामले की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन ने उनकी सुरक्षा और वापसी को प्राथमिकता देते हुए कार्रवाई की. सभी आठ मजदूरों की सुरक्षित वापसी से उनके परिजनों ने राहत की सांस ली है.
Also Read : झारखंड: बोकारो में स्थानीय क्रिकेटरों को मौका देने की मांग, SAIL ग्राउंड में खिलाड़ियों का प्रदर्शन


