देवघर. केनमन काठी मोड़ के पास मोटरसाइकिल और साइकिल की टक्कर में दो लोग घायल हो गए. इसी दौरान वहां से गुजर रहे उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने घायलों को सड़क किनारे पड़ा देखा, तो अपना काफिला रुकवा दिया. इसके बाद डीडीसी पीयूष सिन्हा और एसडीओ रवि कुमार ने दोनों को अपने सरकारी वाहन से जसीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया.
घटना उस समय हुई, जब उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार देवघर प्रखंड की गिधनी पंचायत में विकास योजनाओं का निरीक्षण करने के बाद पुनासी में मत्स्य विभाग के कार्यों का जायजा लेने जा रहे थे. इसी दौरान केनमन काठी मोड़ से आगे मोटरसाइकिल और साइकिल के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई. हादसे में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए.

घायलों को तत्काल पहुंचाया अस्पताल
हादसे के बाद घायलों की स्थिति देखते हुए अधिकारियों ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाने का फैसला लिया. उपायुक्त ने अपना काफिला रुकवाकर घायलों की मदद की. इसके बाद डीडीसी पीयूष सिन्हा और एसडीओ रवि कुमार ने दोनों घायलों को अपने सरकारी वाहन से जसीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.
सीएचसी में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार किया. इसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया. हादसे के बाद घायलों को जल्द अस्पताल पहुंचाने से उन्हें समय पर चिकित्सा सहायता मिल सकी.

अधिकारियों की तत्परता की सराहना
निरीक्षण के लिए निकले जिला प्रशासन के अधिकारियों ने हादसे को देखकर अपना कार्यक्रम जारी रखने के बजाय घायलों की मदद को प्राथमिकता दी. मौके पर रुककर उन्हें अस्पताल पहुंचाने की इस पहल की स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने सराहना की.
Also Read : इंडिया गठबंधन की रैली से पहले हेमंत सोरेन ने कहा, चुनाव आयोग केवल मोहरा है, इसका रिमोट किसी और के पास है


