केरेडारी (हजारीबाग). एनटीपीसी केरेडारी परियोजना अंतर्गत संचालित BGR माइंस में मजदूरों के कथित वेतन कटौती और श्रमिक हितों की अनदेखी का मामला सामने आया है. इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय मजदूर कांग्रेस (INTUC) ने प्रबंधन के समक्ष श्रमिकों की समस्याएं उठाई हैं. बुधवार को INTUC के प्रतिनिधिमंडल ने माइंस परिसर पहुंचकर प्रबंधन के साथ वार्ता की. इस दौरान मजदूरों के वेतन में कथित कटौती, स्किल अपग्रेडेशन में लापरवाही तथा श्रमिकों की अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई.
INTUC के प्रदेश प्रवक्ता सुरजीत नागवाला ने बताया कि पिछले कई महीनों से मजदूरों की शिकायतें संगठन के पास पहुंच रही थीं. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रबंधन के साथ सीधे वार्ता करने का निर्णय लिया गया.
श्रमिकों की हो रही है अनदेखी
मजदूरों का आरोप है कि प्रबंधन द्वारा उत्पादन बढ़ाने पर अधिक जोर दिया जा रहा है, जबकि श्रमिकों के अधिकारों, सुविधाओं और समस्याओं की पर्याप्त रूप से अनदेखी की जा रही है. INTUC ने कहा कि मजदूरों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.
सुरजीत नागवाला ने कहा कि मजदूरों के साथ कथित तानाशाही रवैया बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही श्रमिकों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो INTUC आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा.
बैठक में BGR माइंस के HR प्रमुख श्रीनिवास राव भी उपस्थित थे. संगठन के अनुसार, प्रबंधन ने मजदूरों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया है.
Also Read : झारखंड : हजारीबाग में चंद्रगुप्त कोल परियोजना के खिलाफ फिर आंदोलन, 7 सितंबर को कंपनी घेराव


