स्वतंत्रता दिवस 2026 के मौके पर झारखंड पुलिस के लिए गौरव का पल है. केंद्रीय गृह मंत्रालय, भारत सरकार ने झारखंड पुलिस के 9 पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को अलग-अलग पदकों से सम्मानित करने की घोषणा की है. इनमें बोकारो प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिन्हा को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक दिया जाएगा. वहीं 8 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक के लिए चुना गया है.
झारखंड पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक राज्य में उग्रवादी संगठनों, संगठित आपराधिक गिरोहों और दूसरे अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. पुलिस के इसी काम और जिम्मेदारी के साथ किए गए बेहतर प्रदर्शन को देखते हुए इन अधिकारियों और जवानों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा.
IG शैलेंद्र कुमार सिन्हा को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक
इस बार झारखंड से शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, भा.पु.से., प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, बोकारो को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक के लिए चुना गया है. पुलिस सेवा में उनके योगदान और बेहतर कार्यों को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है.
राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक पुलिस सेवा में उल्लेखनीय और लंबे समय तक किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए दिया जाने वाला महत्वपूर्ण सम्मान है. शैलेंद्र कुमार सिन्हा के चयन को झारखंड पुलिस के लिए भी बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक के अलावा झारखंड के 8 पुलिस पदाधिकारी और कर्मी सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किए जाएंगे. इनमें अलग-अलग पदों पर तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं.
सम्मान पाने वाले पुलिसकर्मियों में:
- सहायक अवर निरीक्षक पंकज कुमार राय
- हवलदार-560 पूर्ण बहादुर सिंह
- हवलदार-125 जितेंद्र कुमार सिंह
- हवलदार-12 योगेंद्र कुमार दास
- हवलदार-31 नंद किशोर महतो
- चालक हवलदार-178 औरंगजेब खां
- चालक हवलदार-174 संजय कुमार सिंह
- महिला आरक्षी-419 अनिता तिर्की
उग्रवाद और अपराध के खिलाफ कार्रवाई का मिला सम्मान
झारखंड पुलिस के सामने लंबे समय से उग्रवाद, संगठित अपराध और दूसरे गंभीर अपराधों से निपटने की चुनौती रही है. पुलिस मुख्यालय के मुताबिक राज्य पुलिस इन चुनौतियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. उग्रवादी संगठनों के खिलाफ अभियान के साथ-साथ संगठित आपराधिक गिरोहों पर शिकंजा कसने और अपराध पर नियंत्रण के लिए भी पुलिस की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है. इसी तरह की सेवाओं और जिम्मेदारियों को ध्यान में रखते हुए पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सम्मान के लिए चुना गया है.
हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर देशभर के पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारियों तथा कर्मियों को उनकी विशिष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पदकों से सम्मानित किया जाता है. इसी क्रम में इस साल झारखंड पुलिस के 9 अधिकारियों और जवानों का चयन हुआ है. इनमें एक अधिकारी को राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक और 8 पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक मिलेगा. झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सभी चयनित अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी है.



