झारखंड विधानसभा में JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने सदन में सरकार और छात्रों के बीच हुई बातचीत का पूरा ब्यौरा रखा और आरोप लगाया कि बीजेपी ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को हाईजैक कर लिया है. इसी दौरान JPSC-JSSC मुद्दे को लेकर सदन में चल रही कार्यवाही के बीच जयराम महतो सदन से बाहर निकल गए. उनके सदन से बाहर जाने के बाद विधानसभा में इस मुद्दे को लेकर सियासी हलचल और तेज हो गई.
मंत्री ने कहा कि सरकार और छात्रों के प्रतिनिधियों के बीच हुई बातचीत में अधिकांश मुद्दों पर सहमति बन गई थी. सिर्फ दो बिंदुओं पर सहमति नहीं बन पाई. सुदिव्य सोनू के मुताबिक, बातचीत के बाद छात्रों की ओर से आज का आंदोलन वापस लेने की बात कही गई थी.
भाजपा पर छात्रों को प्रभावित करने का आरोप
सुदिव्य कुमार सोनू ने आरोप लगाया कि छात्रों के आंदोलन के पीछे से बीजेपी के लोग उन्हें प्रभावित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग टकराव की स्थिति पैदा करना चाहते हैं. मंत्री ने दावा किया कि कुछ लोगों ने छात्रों के शांतिपूर्ण आंदोलन को अपने राजनीतिक हित के लिए इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है.
उन्होंने सदन में कहा कि बीजेपी के उद्दंड और अराजक तत्वों ने छात्रों के निर्मल और शांतिपूर्ण आंदोलन को हाइजैक कर लिया है. अब यह आंदोलन केवल छात्रों तक सीमित नहीं रह गया है.
सरकार से ऐसे तत्वों पर कार्रवाई की मांग
मंत्री सुदिव्य सोनू ने सरकार से ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोरता से निपटने का आग्रह किया. उन्होंने कहा कि छात्रों की जायज मांगों पर सरकार बातचीत के लिए तैयार है, लेकिन आंदोलन की आड़ में टकराव और अराजकता की स्थिति पैदा करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए.
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. छात्र परीक्षा रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर अड़े हुए हैं. वहीं, इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच भी लगातार राजनीतिक बयानबाजी तेज हो रही है. मंत्री के इस बयान के बाद JPSC-JSSC आंदोलन को लेकर सियासी टकराव और बढ़ने के आसार हैं. जहां सरकार बातचीत के जरिए छात्रों की मांगों का समाधान निकालने की बात कर रही है, वहीं विपक्ष लगातार सरकार पर छात्रों की मांगों को लेकर दबाव बना रहा है.

Also Read : ब्रेकिंग झारखंड: सड़क छोड़ खेतों से विधानसभा गेट तक पहुंचे प्रदर्शनकारी



