रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों के विरोध में सोमवार को राजधानी रांची की सड़कों पर छात्रों का भारी आक्रोश देखने को मिला. हजारों की संख्या में छात्र ‘भारत माता की जय’ और ‘रोजगार दो’ जैसे नारों के साथ विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़े.
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पुलिस की पहली बैरिकेडिंग को बलपूर्वक तोड़ दिया और आगे बढ़ गए. छात्रों के आक्रोश को देखते हुए प्रशासन ने विधानसभा की ओर जाने वाले रास्ते पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया था. जैसे ही छात्रों का हुजूम पहली सुरक्षा बैरिकेडिंग के पास पहुंचा, वहां कुछ देर के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई.
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम के बीच रांची पुलिस का एक अलग और संवेदनशील चेहरा भी देखने को मिला. पुलिस के जवान हाथों में लाठी लिए बिना छात्रों के सामने खड़े रहे और उन्हें रोकने के दौरान शालीनता से बातचीत करते नजर आए. जवानों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने और शांतिपूर्ण तरीके से पीछे हटने की अपील की.
छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता रहा और वे अपनी मांगों को लेकर आगे बढ़ने पर अड़े रहे. इसके बावजूद पुलिस ने तत्काल बल प्रयोग करने के बजाय संयम बरतते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की.
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भर्ती प्रक्रिया में सुधार की मांग को लेकर पिछले 18 दिनों से छात्र आंदोलन कर रहे हैं. सोमवार को विधानसभा घेराव के आह्वान के बाद बड़ी संख्या में अभ्यर्थी और छात्र राजधानी की सड़कों पर उतरे.
Also Read: झारखंड: छात्र संगठनों के विधानसभा घेराव से पहले बीजेपी का ‘धप्पा’, बीजेपी विधायकों ने घेरा CM आवास




