रांची में आज 10 अगस्त को होने वाले छात्रों के विधानसभा घेराव से पहले ही झारखंड की सियासत गरमा गई है. बीजेपी विधायकों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आवास का घेराव कर दिया है. नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू समेत पार्टी के कई बड़े नेता और विधायक इस प्रदर्शन में शामिल हैं.
इससे एक दिन पहले ABVP के सदस्यों ने भी मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने की कोशिश की थी. अब बीजेपी विधायकों के प्रदर्शन ने सरकार की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं.
आज छात्र संगठन करेंगे विधानसभा घेराव
JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी और भर्ती परीक्षाओं में सुधार की मांग को लेकर छात्र संगठन JPSC-JSSC रिफॉर्म मंच व JPSC-JSSC अभ्यर्थी न्याय मंच आज विधानसभा घेराव करने वाले हैं. छात्रों के इस बड़े आंदोलन से पहले बीजेपी ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है और सीधे मुख्यमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
एक तरफ छात्र विधानसभा की ओर बढ़ने की तैयारी में हैं, तो दूसरी तरफ बीजेपी के बड़े नेता मुख्यमंत्री आवास के बाहर सरकार को घेर रहे हैं. ऐसे में 10 अगस्त को रांची में छात्र आंदोलन के साथ-साथ बीजेपी के प्रदर्शन ने भी सियासी माहौल गरमा दिया है.



