चतरा पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके तीन गुर्गों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस का कहना है कि तीनों आरोपी टंडवा-पिपरवार कोयलांचल इलाके में कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की तैयारी में थे. इसके लिए वे पहले कोयला साइडिंग और माइंस की रेकी कर रहे थे और दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की योजना भी बना चुके थे.
गुप्त सूचना पर कारो गांव में हुई छापेमारी
मंगलवार को टंडवा एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नथानी को गुप्त सूचना मिली थी कि पिपरवार थाना क्षेत्र के कारो गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं. सूचना मिलते ही टंडवा और पिपरवार थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई और कारो गांव में घेराबंदी कर छापेमारी की गई.
छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीनों अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बोकारो जिले के संजय मुर्ती, आलोक कुमार सिंह और हजारीबाग जिले के अजय करमाली के रूप में हुई है.
पिस्टल, देशी कट्टा, छह कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने उनके पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, छह जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे कोयला कारोबारियों से लेवी वसूलने की योजना बना रहे थे. पुलिस का मानना है कि इनके तार राहुल दुबे गैंग से जुड़े हैं और गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है.
एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ जारी है. पुलिस उनके नेटवर्क, हथियारों के स्रोत और गैंग से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

