Deoghar : भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शनिवार को देवघर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूरे विधि-विधान के साथ बाबा भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की और देश में सुख, शांति, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की। मंदिर में दर्शन-पूजन के दौरान भाजपा के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी उनके साथ मौजूद रहे। पूजा-अर्चना के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए संजय सेठ ने कहा कि वह बाबा बैद्यनाथ का आशीर्वाद लेने देवघर आए हैं। उन्होंने कहा कि बाबा से प्रार्थना की है कि देश निरंतर प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़े और सभी नागरिक सुखी एवं सुरक्षित रहें। रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास के कई नए आयाम स्थापित किए हैं। उनके अनुसार, इस दौरान देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली है और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति देखने को मिली है।
प्रधानमंत्री के दीर्घायु और विकसित भारत के लिए की प्रार्थना
संजय सेठ ने बताया कि उन्होंने बाबा बैद्यनाथ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और ऊर्जा से भरपूर जीवन की भी कामना की। साथ ही उन्होंने प्रार्थना की कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प सफलतापूर्वक पूरा हो और देश विश्व की अग्रणी शक्तियों में अपनी मजबूत पहचान बनाए।
2047 के लक्ष्य को पूरा करने के लिए सभी से मांगा सहयोग
उन्होंने कहा कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तय किया गया है। यह सिर्फ सरकार का नहीं, बल्कि पूरे देश का संकल्प है। इसे पूरा करने के लिए हर नागरिक के सहयोग, सहभागिता और आशीर्वाद की जरूरत है। रक्षा राज्य मंत्री के आगमन को लेकर बाबा बैद्यनाथ मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, महामंत्री अभयानंद झा समेत पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। दर्शन-पूजन के बाद संजय सेठ ने सभी से मुलाकात की और मंदिर परिसर से रवाना हुए।
Also Read : सीएम हेमंत पत्नी कल्पना संग पहुंचे मां दिउड़ी के दरबार, राज्य की खुशहाली और समृद्धि की मांगी दुआ

