Chatra : चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के विधायक मोहल्ला में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 20 वर्षीय नैयना प्रवीण के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसकी शादी करीब एक महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोनों के बीच गोलगप्पे खाने को लेकर मामूली विवाद हुआ था। विवाद के बाद नैयना अपने कमरे में चली गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया।
कुछ देर बाद जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो घरवालों और आसपास के लोगों को शक हुआ। काफी आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद लोगों ने दरवाजा तोड़ दिया। दरवाजा खुलते ही सभी के होश उड़ गए। नैयना दुपट्टे के सहारे सीलिंग फैन से लटकी मिली।
घटना की सूचना तुरंत प्रतापपुर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति गुलजार को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
बताया जा रहा है कि मृतका मूल रूप से हजारीबाग जिले के बकसपुरा की रहने वाली थी। शादी के बाद से दोनों का जीवन सामान्य चल रहा था और किसी बड़े विवाद की जानकारी सामने नहीं आई थी। ऐसे में अचानक हुई इस घटना से दोनों परिवार सदमे में हैं।
प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। वहीं मायके पक्ष की ओर से लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है।
Also Read : पलामू में दर्दनाक हादसा, पुआल काटने वाली मशीन की चपेट में आने से मजदूर की मौ’त


