Ranchi : झारखंड में भीषण गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत की खबर है। मौसम विभाग ने संकेत दिया है कि अगले दो दिनों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन 29 मई से मौसम बदलने लगेगा। राज्य के कई हिस्सों में तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इसके साथ ही तेज हवा, बारिश और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार राज्य के उत्तर-पूर्वी और मध्य हिस्सों में मौसम अचानक करवट ले सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, गिरिडीह, साहिबगंज, रांची, रामगढ़, हजारीबाग, खूंटी, धनबाद, बोकारो, गुमला, कोडरमा और लोहरदगा में 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने और आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई गई है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पलामू और गढ़वा में अभी नहीं मिलेगी राहत
राज्य के उत्तर-पश्चिमी इलाके पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में फिलहाल गर्मी और लू का असर बना रहेगा। मौसम विभाग का कहना है कि इन इलाकों में अगले कुछ दिनों तक हीट वेव की स्थिति बनी रह सकती है। दोपहर में तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। झारखंड के करीब 10 जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। कई शहरों में दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं।
डाल्टनगंज सबसे गर्म, दारीसाई में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे ज्यादा 19.5 मिमी बारिश पूर्वी सिंहभूम के दारीसाई में हुई। वहीं, डाल्टनगंज राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।vराजधानी रांची का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
27 और 28 मई तक गर्मी बरकरार
मौसम विज्ञानी अभिषेक आनंद ने बताया कि 27 और 28 मई तक तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद 29 मई से 1 जून के बीच तापमान में 3 से 4 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। राज्य के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
Also Read : सड़क किनारे अड्डाबाजी करने वालों पर प्रशासन का शिकंजा, लोवाडीह से दुर्गा सोरेन चौक तक चला जांच अभियान


