Ranchi : राजधानी रांची में सड़क किनारे अड्डाबाजी, नशापान और अनावश्यक जमावड़ा लगाने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को सदर एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में लोवाडीह से दुर्गा सोरेन चौक तक विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क किनारे खड़े होकर अड्डाबाजी कर रहे युवकों से पूछताछ की गई और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
सड़क किनारे जुटे युवकों से पूछताछ
जांच अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने कई जगहों पर ऐसे युवकों को देखा, जो बिना किसी कारण सड़क किनारे समूह बनाकर बैठे थे। कुछ जगहों पर नशापान की शिकायत भी सामने आई। इसके बाद टीम ने मौके पर मौजूद युवकों से पूछताछ की और सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियां नहीं करने की हिदायत दी। एसडीएम कुमार रजत ने युवकों को साफ तौर पर कहा कि सड़क किनारे अनावश्यक जमावड़ा लगाने, राहगीरों को परेशान करने और नशे जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर भविष्य में दोबारा ऐसी शिकायत मिली तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
जिला प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति व्यवस्था और सुरक्षित माहौल बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सड़क किनारे अड्डाबाजी की वजह से कई बार विवाद और अपराध की घटनाएं बढ़ती हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन अब नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाएगा। एसडीएम ने कहा कि राजधानी में आम लोगों, खासकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा रही है।
युवाओं से सकारात्मक माहौल बनाने की अपील
अभियान के दौरान जिला प्रशासन ने युवाओं से अपील भी की कि वे समय का सही इस्तेमाल करें और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें। प्रशासन ने कहा कि समाज और शहर का माहौल बेहतर बनाने में युवाओं की बड़ी भूमिका होती है। इसलिए उन्हें नशे और गलत संगत से दूर रहना चाहिए।
Also Read : रांची के ग्रामीण इलाकों में बढ़ेगी पुलिस की चौकसी, SSP राकेश रंजन ने बेड़ो-सिल्ली के अफसरों को दिया टास्क


