Jamtara (Rajiv Jha) : जामताड़ा के प्रतिष्ठित सेंट एंथोनी विद्यालय में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान आयोजित 8 दिवसीय विशेष कक्षाओं और समर कैंप का समापन हर्षोल्लास के साथ हुआ। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। इस समर कैंप का मकसद सिर्फ बच्चों का मनोरंजन करना नहीं था, बल्कि शेष पाठ्यक्रम पूरा कराने के साथ आगामी परीक्षाओं की तैयारी को मजबूत करना भी था। शिविर का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी, निदेशक डॉ. चंचल भंडारी, प्राचार्य लारेब खान, विजन-ई सेक्रेटरी अपर्णा भंडारी और सहायक शिक्षकों की मौजूदगी में हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों से परिचय और संवाद के साथ हुई, जिससे बच्चों और शिक्षकों के बीच अपनापन और सहयोग का माहौल बना।
खेलकूद में बच्चों ने दिखाया दम
समर कैंप के दौरान बच्चों ने पढ़ाई के साथ-साथ कई खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। म्यूजिकल चेयर, रस्साकशी, क्रिकेट और खो-खो जैसी प्रतियोगिताओं में बच्चों का जोश देखते ही बन रहा था। सभी खेल अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में अनुशासित तरीके से कराए गए।
जीवन में कौशल विकास जरूरी: डॉ. भंडारी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के मुख्य संरक्षक डॉ. दुर्गा दास भंडारी ने कहा कि आज का दौर बहुआयामी कौशलों का है। उन्होंने कहा कि इस तरह के शिविर बच्चों को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि जीवन में जरूरी गुण सीखने का भी मौका देते हैं, जो उन्हें आगे चलकर एक बेहतर नागरिक बनने में मदद करेंगे। विद्यालय के निदेशक डॉ. चंचल भंडारी ने कहा कि विशेष कक्षाओं और समर कैंप ने विद्यार्थियों को शेष पाठ्यक्रम पूरा करने और आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी का सुनहरा अवसर दिया। उन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी शिक्षकों के समर्पण और सहयोग की सराहना की।
प्राचार्य ने बढ़ाया बच्चों का हौसला
विद्यालय के प्राचार्य लारेब खान ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए प्रेरणादायक बातें साझा कीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र और पदक देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही विजेता और उपविजेता टीमों के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी सम्मानित किया गया। इस मौके पर विद्यालय के उप प्राचार्य उत्पल मंडल, शिक्षक उत्तम कुमार मंडल, सुजित साहा, विशाल साव, वरुण कुमार, दीनबंधु सिंह, अनीश रंजन और समीर दत्ता समेत कई शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहीं।
Also Read : आलमगीर आलम के भरोसे पर खत्म हुआ शेरशाहबादी समाज का धरना


