Palamu : पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र स्थित ढुलसुलमा पहाड़ से एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान पवन कुमार सिंह के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने पवन की प्रेमिका, उसके पति तथा अन्य परिजनों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले में युवक की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। पवन कुमार सिंह अपने दोस्त दीपक कुमार के साथ समारोह में शामिल होने गया था। बताया जा रहा है कि उसी शादी समारोह में पवन की प्रेमिका भी अपने मायके पक्ष के लोगों के साथ आई हुई थी। इसी दौरान देर रात पवन अचानक वहां से गायब हो गया।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार देर रात पवन के दोस्त दीपक कुमार ने फोन कर बताया कि पवन आत्महत्या करने की बात कह रहा है। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और गांव के अन्य लोग उसकी तलाश में निकल पड़े। काफी खोजबीन के बाद ढुलसुलमा पहाड़ पर पवन का शव मिला। युवक को तत्काल इलाज के लिए नवजीवन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का आरोप है कि पवन की हत्या की गई है और इसमें उसकी प्रेमिका, उसके पति तथा कुछ अन्य लोगों का हाथ हो सकता है। परिजनों ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की सूचना मिलने पर सतबरवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा घटनास्थल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। इस संबंध में डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि युवक का शव बरामद हुआ है। परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतक की प्रेमिका को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।


