Latehar : लातेहार जिले के बरियातू थाना क्षेत्र में नवाडीह पुलिया के नीचे मिले शव मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मृतक की पहचान ओडिशा के पुरी निवासी शेख सदाकत अली के रूप में हुई है, जो पहले सीआरपीएफ में कार्यरत थे। इस मामले में पुलिस ने लोहरदगा निवासी इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। डीएसपी विनोद रवानी ने मीडिया को बताया कि कुछ दिन पहले नवाडीह गांव के पास पुलिया के नीचे एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ था। जांच के दौरान पता चला कि मृतक शेख सदाकत अली स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद फल कारोबार से जुड़े थे और करीब 10 दिन पहले आम से भरी पिकअप गाड़ी लेकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रहे थे।
इसी दौरान लोहरदगा में उनकी मुलाकात इकबाल अंसारी और अवध कुमार साहू से हुई। दोनों ने पिकअप वाहन और आम लूटने की साजिश रची। आरोप है कि उन्होंने सदाकत अली को नशीला पदार्थ पिलाने के बाद गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव के हाथ बांध दिए, नस काट दी और शव को बरियातू थाना क्षेत्र के पुलिया के नीचे फेंक दिया। डीएसपी के अनुसार, गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
Also Read : शादी समारोह में गये युवक की संदिग्ध मौ’त, प्रेमिका हिरासत में


