Ranchi : गर्मी की छुट्टियों को मनोरंजन और प्रतिभा प्रदर्शन से भरपूर बनाने के लिए एक्वा वर्ल्ड, रांची मछली घर में 16 मई से 14 जून तक विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम प्रतिदिन शाम 5:30 बजे से शुरू होंगे। आयोजन एक्वा समूह के चेयरमैन प्रतुल शाहदेव की देखरेख में किया जा रहा है। एक्वा वर्ल्ड के निर्देशक सत्य प्रकाश चंदेल और लोकेश कुमार ने बताया कि इस समर हॉलीडे फेस्टिवल में सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन, प्रतियोगिता और सांस्कृतिक गतिविधियों की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रमों के तहत सुपर मॉडल कॉन्टेस्ट का आयोजन किया जाएगा। इसका प्रिलिमनरी राउंड 22 मई को, सेमीफाइनल 29 मई को तथा ग्रैंड फिनाले 5 जून को होगा। इस आयोजन का संचालन वसीम आलम और उनकी वैंमस मॉडलिंग ग्रुप की टीम करेगी। वहीं दीपांजलि ग्रुप के विपुल नायक के नेतृत्व में डांस प्रतियोगिता का आयोजन प्रत्येक शनिवार को किया जाएगा। 16 मई को प्रिलिमनरी राउंड, 23 मई को पहला सेमीफाइनल, 30 मई को दूसरा सेमीफाइनल तथा 6 जून को ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। कार्यक्रम का संयोजन देवजीत नाहा (डीजे सर) करेंगे।
इसके अलावा हर रविवार को “द ग्रेट इंडियन म्यूजिकल मूवी सीरीज” के तहत फिल्मों की थीम पर आधारित डांस प्रतियोगिता, डायलॉग प्रतियोगिता और म्यूजिकल क्विज का आयोजन होगा। 17 मई को “शोले”, 24 मई को “दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे”, 31 मई को “हम आपके हैं कौन”, 7 जून को “दिल तो पागल है” तथा 14 जून को “धुरंधर” थीम पर कार्यक्रम होंगे। सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा।
इस बार एक्वा वर्ल्ड में झारखंड का पहला “कूल मेज” भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगा। पूरे गार्डन में पानी की हल्की फुहारों के जरिए ठंडा वातावरण बनाया गया है, जिससे भीषण गर्मी में भी लोगों को ठंडक का एहसास होगा। आयोजकों का कहना है कि गर्मी की छुट्टियों में यह नया आकर्षण लोगों को खास अनुभव देगा।
Also Read : रांची में बंद घर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा, जेवर गलाकर बेचने वाला गिरोह पकड़ाया


