Ranchi : राजधानी में इन दिनों बच्चों के गुमशुदगी का मामला ज्यादा बढ़ गया है। बीते दिनों अरगोड़ा क्षेत्र से लापता हुए तीन नाबालिग बच्चे को रांची पुलिस की टीम ने खोज निकाला है। यह कामयाबी 24 घंटे के अंदर हुई है। रांची पुलिस की टीम ने बिहार के बरौनी से तीनों नाबालिग को ढूंढ़ निकाला है। फिलहाल तीनों बच्चे सुरक्षित रांची पुलिस की टीम के पास है। एसएसपी राकेश रंजन खुद पूरे मामले की मॉनिटरिंग कर रहे थे। इधर, बच्चों के मिलने की सूचना परिजनों को पुलिस ने दी। परिजनों ने भी रांची पुलिस का शुक्रिया किया है।
100 सीसीटीवी कैमरा, 8 टीम बनी थी बच्चों को ढूंढ़ने
बच्चों के गायब होने की सूचना अरगोड़ा थाना को देर रात मिली। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सतीश गोराई ने तत्काल जानकारी एसएसपी राकेश रंजन को दी। इसके बाद राकेश रंजन के निर्देश पर 8 टीमें बनी। जिसके बाद सभी टीमें बच्चों को ढूंढ़ने में सक्रिय हो गई। इस दौरान पुलिस ने करीब 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे को खंगाला। जिसके बाद अरगोड़ा स्टेशन की ओर बच्चों को जाते देखा गया। इसके बाद रांची पुलिस की टीम बिहार की ओर रवाना हुई और बरौनी से तीनों नाबालिग को ढूंढ़ निकाला।

