Ranchi : राजधानी रांची में अरगोड़ा चौक के पास एक निजी बस चालक से रंगदारी मांगने पहुंचे बदमाशों ने विरोध करने पर फायरिंग कर दी। हालांकि चालक बाल-बाल बच गया। मौके पर मौजूद पुलिस और ट्रैफिक जवानों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हथियार के साथ दबोच लिया। इसके बाद लगातार छापेमारी कर पुलिस ने फरार दो अन्य आरोपियों और हथियार उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया।
नो एंट्री में रुकी बस को बनाया निशाना
सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, घटना 12 मई की रात की है। रांची से नालंदा जा रही जीवन ज्योति नामक बस अरगोड़ा चौक के पहले नो एंट्री के कारण रुकी हुई थी। इसी दौरान तीन अपराधी बस के पास पहुंचे। इनमें से दो बदमाश बस में चढ़ गए और बस चालक की कनपटी पर हथियार सटा दिया। आरोप है कि अपराधियों ने चालक से रंगदारी की मांग की। जब चालक ने विरोध किया तो बदमाशों ने जान मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। राहत की बात यह रही कि गोली चालक को नहीं लगी और वह बच गया।
पुलिस गश्ती टीम ने मौके पर ही पकड़ा एक आरोपी
फायरिंग की आवाज सुनते ही अरगोड़ा चौक पर मौजूद पुलिस गश्ती दल और ट्रैफिक पुलिसकर्मी तुरंत बस की ओर दौड़े। पुलिस को देखते ही बदमाश भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही हथियार के साथ पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अन्य पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी रांची एसएसपी राकेश रंजन को दी गई।
एसएसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी पारस राणा की देखरेख और हटिया डीएसपी पीके मिश्रा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगातार छापेमारी की और फरार दोनों आरोपियों के साथ हथियार उपलब्ध कराने वाले एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस मामले में कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें रांची के दो और बिहार के दो आरोपी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार सोनी, अभिजीत कुमार उर्फ अन्नो सिंह, नितिन पांडेय उर्फ अमन और गोलू राम उर्फ गोलू बाल्मोकी शामिल हैं। अनुदीप सिंहइन लोगों के पास से पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी कुंदन कुमार का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। उसके खिलाफ चुटिया थाना में हत्या का मामला दर्ज है। एसपी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह केवल रंगदारी की घटना थी या इसके पीछे कोई बड़ा आपराधिक नेटवर्क सक्रिय है।
Also Read : लंबित मामलों पर सख्त हुए रामगढ़ एसपी, अपराधियों पर शिकंजा कसने का निर्देश


