Ramgarh : रामगढ़ के हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक सेंसर चोरी मामले में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पतरातू को बड़ी सफलता मिली है। करीब 1.80 लाख रुपये मूल्य की चोरी गई रेल संपत्ति बरामद कर ली गई है। हालांकि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी गुड्डू मलिक अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, 10 और 11 अप्रैल की रात हेंदेगीर कोले रेलवे स्टेशन के बीच किलोमीटर संख्या 137/06 से 138/07 के मध्य अज्ञात अपराधियों ने रेलवे ट्रैक से 11 ट्रैक सेंसर और क्लैंप असेंबली चोरी कर ली थी। यह घटना रेलवे सुरक्षा के लिहाज से बेहद गंभीर मानी गई, क्योंकि ट्रैक सेंसर रेल परिचालन की सुरक्षा व्यवस्था का अहम हिस्सा होते हैं। चोरी के कारण रेल संचालन भी प्रभावित हुआ था। संयुक्त निरीक्षण के बाद रेलवे को करीब 1.80 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया।
आरपीएफ ने दर्ज किया केस, शुरू हुई जांच
घटना के बाद संबंधित विभाग की शिकायत पर आरपीएफ पोस्ट पतरातू में कांड संख्या 04/2026, दिनांक 11 अप्रैल 2026 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। मामला आरपी(यूपी) एक्ट की धारा 3 और रेल अधिनियम की धारा 174(C) के तहत दर्ज किया गया। इस मामले की जांच का जिम्मा निरीक्षक अजय कुमार सिंह को सौंपा गया। वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त धनबाद के निर्देश और सहायक सुरक्षा आयुक्त बरकाकाना के मार्गदर्शन में जांच शुरू की गई।
डंप डाटा से खुला सुराग, एक आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और डंप डाटा के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिला। इसके बाद 6 मई को राजेंद्र कुमार महतो को गिरफ्तार किया गया। वह हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के बड़की मेडी पताल गांव का रहने वाला है। गिरफ्तार आरोपी के पास से ट्रैक सेंसर खोलने में इस्तेमाल किए गए रिंच और कटर भी बरामद किए गए। पूछताछ के बाद 7 मई को उसे रेलवे न्यायालय डाल्टनगंज में पेश किया गया, जहां से पुलिस रिमांड पर लिया गया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर 8 मई को चोरी की रेल संपत्ति ले जाने में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर प्रो मोटरसाइकिल (JH 02R 8272) भी जब्त कर ली गई। इससे जांच को और मजबूती मिली।
तालाब में छिपाकर रखी गई थी चोरी की रेल संपत्ति
मामले में 12 मई को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की रेल संपत्ति ईचापीरी गांव के पास छिपाकर रखी गई है। इसके बाद निरीक्षक अजय कुमार सिंह, उप निरीक्षक सोनू कुमार, प्रधान आरक्षी रविशंकर यादव और सीआईबी/आईपीएफ बरकाकाना की टीम ने बुढ़मू थाना पुलिस के सहयोग से छापेमारी की। पुलिस टीम के पहुंचते ही मुख्य आरोपी गुड्डू मलिक जंगल और पहाड़ी इलाके का फायदा उठाकर फरार हो गया। छापेमारी में पुलिस ने रेलवे का अहम सामान बरामद किया। इनमें 8 ट्रैक सेंसर, 1 टूटा हुआ सेंसर, 1 पूरा सेंसर सेट, 2 डिफ्लेक्टर सेट, 5 सेंसर असेंबली, 3.5 किलो नट-बोल्ट, 9 पेंड्रोल क्लिप और करीब 30 फीट केबुल शामिल हैं। पूरे अभियान की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई।
Also Read : अब पासपोर्ट के लिए दफ्तर का चक्कर खत्म, रांची में शुरू हुई मोबाइल वैन सेवा


