Jamtara (Rajiv jha) : जामताड़ा के गोविंदपुर-साहिबगंज नेशनल हाईवे पर मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। नारायणपुर थाना क्षेत्र के पबिया गांव के पास तेज रफ्तार ओवरलोड बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान दुधानी गांव निवासी करीब 50 वर्षीय राजा मणि मंडल के रूप में हुई है। वहीं रायडीह गांव निवासी राजकुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
टक्कर इतनी जोरदार कि दूर तक सुनाई दी आवाज
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर काफी तेज रफ्तार में था और बालू से ओवरलोड था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रैक्टर सड़क किनारे पेड़ की डाल पर जा चढ़ा। स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक राजा मणि मंडल की जान जा चुकी थी।
गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे किया जाम
हादसे के बाद ग्रामीणों और मृतक के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने उचित मुआवजा, ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी और इलाके में अवैध बालू परिवहन पर रोक लगाने की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात संभालने में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर जाम हटाने की कोशिश की। साथ ही हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
Also Read : जमशेदपुर में सामूहिक दु’ष्कर्म के तीन दोषियों को 20-20 साल की सजा


