Shebganj : साहिबगंज के बरहड़वा थाना क्षेत्र में हुए चंदन बेसरा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी पिंकी बीबी उर्फ पिंकी बेसरा को पश्चिम बंगाल के कालियाचक से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिंकी ने अपने प्रेमी राशेद अली के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले की जानकारी बुधवार को बरहड़वा एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस में दी।
सुनसान इलाके में मिला था शव
पुलिस के अनुसार, 9 अप्रैल 2026 को चावलछल्ला और लाधोपाड़ा के बीच दोपहर में एक युवक का शव बरामद हुआ था। बाद में उसकी पहचान फरक्का थाना क्षेत्र के कलाईडांगा निवासी चंदन बेसरा के रूप में हुई। घटना के बाद मृतक के बेटे रूपेण बेसरा की शिकायत पर बरहड़वा थाना में मामला दर्ज किया गया। शिकायत में मृतक की पत्नी पिंकी बीबी पर कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर हत्या कराने का आरोप लगाया गया था। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं दो आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने इस कांड में शामिल 23 वर्षीय इस्ताक शेख और 35 वर्षीय राशेद अली को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। पूछताछ और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस लगातार मुख्य आरोपी पिंकी की तलाश कर रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि पिंकी पश्चिम बंगाल के कालियाचक इलाके में छिपी हुई है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम विवाह के बाद बढ़ गया था विवाद
पूछताछ में पिंकी ने बताया कि उसने चंदन बेसरा से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद दोनों फरक्का के मुस्तफा कॉम्प्लेक्स में किराए के मकान में रहते थे। कुछ समय बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा और अक्सर झगड़े होने लगे। इसी दौरान पिंकी की नजदीकी राशेद अली से बढ़ गई। पुलिस के अनुसार, चंदन बेसरा को दोनों के संबंध की जानकारी हो गई थी। इसके बाद घर में तनाव और ज्यादा बढ़ गया था।
फोन कर बुलाया और मार डाला
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 8 अप्रैल को पिंकी ने अपने पति चंदन बेसरा को फोन कर लोहापट्टी बुलाया था। वहां पहले से राशेद अली मौजूद था। राशेद को देखकर चंदन नाराज हो गया और तीनों के बीच बहस शुरू हो गई। इसी दौरान पिंकी और राशेद ने मिलकर चंदन का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को चावलछल्ला और लाधोपाड़ा के बीच सुनसान इलाके में फेंक दिया गया।
रेलवे में करता था नौकरी
मृतक चंदन बेसरा रेलवे में ट्रैक मेंटेनेंस का काम करता था। उसकी ड्यूटी बिंदुपाड़ा स्टेशन पर थी। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच पूरी कर ली गई है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। छापेमारी दल में पुलिस इंस्पेक्टर संतोष कुमार और थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
Also Read : मासूम से दरिंदगी करने वाले को 20 साल की सजा, कोर्ट ने सुनाया फैसला


