Kolkata : पश्चिम बंगाल में सभी विभागों को लेकर बड़ा और सख्त निर्देश जारी किया गया है। राज्य के मुख्य सचिव की ओर से जारी आदेश में साफ कहा गया है कि किसी भी विभाग से महत्वपूर्ण फाइल या दस्तावेज न तो हटाए जाएं, न ही नुकसान पहुंचाया जाए और न ही बिना अनुमति कॉपी या स्कैन किया जाए। मुख्य सचिव दुष्यंत नारियाला ने सभी विभागीय सचिवों और कार्यालय प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने विभागों में फाइलों और जरूरी दस्तावेजों की सुरक्षा सुनिश्चित करें। आदेश में कहा गया है कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अनधिकृत कॉपी और स्कैनिंग पर रोक
सरकार ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किसी भी दस्तावेज की कॉपी या स्कैनिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसके अलावा सभी फाइलों, कागजातों और आधिकारिक संचार का सही तरीके से रिकॉर्ड रखना अनिवार्य होगा, ताकि किसी भी समय उनकी जांच की जा सके। आदेश में यह भी कहा गया है कि विभागाध्यक्ष और सचिव स्वयं इस निर्देश के पालन की निगरानी करेंगे। अगर किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी।

सभी बड़े अधिकारियों को भेजा गया आदेश
यह निर्देश राज्य के सभी विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रधान सचिव, सचिवों के साथ-साथ पुलिस महानिदेशक, कोलकाता पुलिस आयुक्त, सभी जिला मजिस्ट्रेट और मंडल आयुक्तों को भेजा गया है, ताकि इसे पूरे राज्य में सख्ती से लागू किया जा सके।
Also Read : बंगाल में खिला कमल, पीएम मोदी बोले- जनशक्ति की ऐतिहासिक जीत


