Koderma : कोडरमा रेलवे जंक्शन पर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा के साथ समीक्षा बैठक की। इस बैठक में रेलवे से जुड़े कई जनमुद्दों पर चर्चा हुई, जिसमें यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति पर खास ध्यान दिया गया।
तिलैया बाईपास से स्टेशन तक सीधी सड़क का प्रस्ताव
बैठक में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तिलैया बाईपास से सीधे कोडरमा रेलवे स्टेशन तक सड़क बनाने का प्रस्ताव रखा गया। इससे शहर की भीड़भाड़ से राहत मिलने और यात्रियों को कम समय में स्टेशन पहुंचने में आसानी होने की बात कही गई। इस प्रस्ताव को लेकर अधिकारियों ने स्थल निरीक्षण भी किया। मंत्री अन्नपूर्णा देवी, विधायक अमित यादव और डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने स्टेशन परिसर और निर्माणाधीन नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चल रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
डीआरएम ने किया रेलखंड का निरीक्षण
धनबाद मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्रा ने धनबाद-कोडरमा रेलखंड का विंडो निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, सिग्नलिंग और परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि कोडरमा स्टेशन पर विकास कार्य तेजी से चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
4 मई को जश्न का ऐलान
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत का दावा करते हुए कहा कि 4 मई को नतीजे आने के बाद कोडरमा में जश्न मनाया जाएगा और लोगों के बीच मिठाइयां बांटी जाएंगी। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और इसका असर जल्द देखने को मिलेगा।
Also Read : रांची विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति का असर, पीजी कोर्स में नया मॉडल लागू


