Dhanbad : धनबाद के तेतुलमारी स्टेशन के पास पोल संख्या 280/6 के नजदीक एक युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सुबोध कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो बिहार के गया जिले के टिकारी थाना क्षेत्र स्थित लाव गांव के रहने वाले थे। मृतक के परिजन सूरज कुमार ने बताया कि सुबोध शनिवार सुबह करीब 9 बजे घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका कोई पता नहीं चला, तो परिजनों ने स्थानीय थाना में गुमशुदगी की सूचना दी। इसी दौरान धनबाद जीआरपी थाना से खबर मिली कि तेतुलमारी स्टेशन के पास एक व्यक्ति की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। बाद में उसकी पहचान सुबोध के रूप में हुई।
परिजनों के अनुसार, सुबोध सूरत में एक निजी कंपनी में काम करते थे और कुछ दिन पहले ही अपने घर गया आए थे। बताया गया कि वह पिछले कुछ समय से पारिवारिक विवाद के कारण मानसिक तनाव में थे। जानकारी के मुताबिक, सुबोध बस से गया स्टेशन पहुंचे थे और वहां से ट्रेन पकड़कर धनबाद आए। तेतुलमारी स्टेशन के पास किसी समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जीआरपी के अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Also Read : बरही बैंक ऑफ महाराष्ट्र लूटकांड में 3 गिरफ्तार, सोशल मीडिया से जानकारी हासिल कर की थी लूट की प्लानिंग


