Dhanbad : धनबाद में कुख्यात भगोड़े अपराधी प्रिंस खान के नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इसी कड़ी में उसके करीबी गुर्गे शैफी उर्फ मेजर को एक बार फिर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पूछताछ में कई अहम खुलासे होने के बाद पुलिस ने जांच और तेज कर दी है।
दूसरी बार पुलिस रिमांड पर शैफी
शैफी उर्फ मेजर को गिरफ्तारी के बाद पहले तीन दिनों की रिमांड पर लिया गया था। अब शनिवार को कोर्ट से फिर से तीन दिन की रिमांड मिल गई है। धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि इस पूरे मामले की जांच के लिए 10 सदस्यीय विशेष टीम लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस पूछताछ में प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। इन्हीं इनपुट के आधार पर पुलिस ने आगे की कार्रवाई तेज कर दी है और कई नए एंगल पर जांच चल रही है।
अब तक चार गिरफ्तारियां
इस केस में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जिनमें कुछ जमीन कारोबारी भी शामिल हैं। इनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं, जिससे नेटवर्क की गहराई का अंदाजा लगाया जा रहा है। जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ सफेदपोश और मीडिया से जुड़े लोगों की भी प्रिंस खान से सांठगांठ थी। आरोप है कि ये लोग आर्थिक मदद देने के साथ-साथ धमकी भरे वीडियो के प्रचार-प्रसार में भी शामिल थे। पुलिस अब पूरे गैंग नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं, जिससे कई और लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
Also Read : अवैध संबंध के शक में कर दी पत्नी की ह’त्या, 24 घंटे के भीतर आरोपी पति गिरफ्तार


