Chaibasa : चाईबासा जिले के टेबो थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। मामला अवैध संबंध के शक से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति बिरसा कोंद उर्फ जोटो को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर लिया है।
क्या है पूरा मामला
घटना बीते एक मई की है। पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम चाकोमटोंनांग बुरूटोला में रहने वाले बिरसा कोंद उर्फ जोटो ने अपनी पत्नी अंजला बैसा (करीब 25 वर्ष) की पीट-पीटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी पत्नी पर शक था। उसे संदेह था कि उसकी पत्नी का किसी के अवैध संबंध चल रहा है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आकर आरोपी ने लकड़ी के डंडे से हमला कर दिया। हमले में अंजला बैसा की मौके पर ही मौत हो गई।
परिजनों के बयान पर केस दर्ज
इस मामले में सलमी कंडुलना (करीब 45 वर्ष) के फर्दबयान के आधार पर टेबो थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। एसपी अमित रेणु के निर्देश पर चक्रधरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बिरसा कोंद उर्फ जोटो (करीब 30 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लकड़ी का डंडा भी बरामद कर जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।
छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी
इस कार्रवाई में छतरपुर एसडीपीओ डॉ. सैयद मुस्ताफा हाशमी, थाना प्रभारी सुशील कुमार मरांडी समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे। इस घटना के बाद गांव में दहशत और शोक का माहौल है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि शक के कारण एक पति अपनी पत्नी की जान ले सकता है।
Also Read : रामगढ़ सदर अस्पताल हो रहा हाईटेक : मोबाइल से रजिस्ट्रेशन, पेपरलेस इलाज की तैयारी तेज


