Ranchi : जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची, श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने आज सामाजिक सरोकार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए कुलगु पिस्का नगड़ी स्थित बिहार समाज कल्याण संस्थान (ओल्ड एज होम) का दौरा किया। उपायुक्त ने वहां रह रहे बुजुर्गों से मुलाकात कर न केवल उनका कुशलक्षेम पूछा, बल्कि उनके रहने, खाने और चिकित्सा की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण भी किया।
समाज के अनुभवी नागरिकों की देखभाल हमारा नैतिक दायित्व
वृद्ध आश्रम में बुजुर्गों के बीच समय बिताते हुए उपायुक्त श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि वृद्ध आश्रम में रहने वाले बुजुर्ग हमारे समाज के अनुभवी नागरिक हैं। उनकी देखभाल, आरामदायक आवास, पौष्टिक भोजन और समय पर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करना हमारा सामूहिक और नैतिक दायित्व है। उन्होंने आश्रम प्रबंधन को निर्देश दिया कि बुजुर्गों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।
संत मदर टेरेसा क्लिनिक का गहन निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परिसर में स्थित संत मदर टेरेसा क्लिनिक का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां उपलब्ध दवाओं के स्टॉक, चिकित्सा उपकरणों और मरीजों के इलाज की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि क्लिनिक में एएनएम की नियमित उपस्थिति और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता हर हाल में सुनिश्चित की जाए।
बीमार बुजुर्गों के लिए सिविल सर्जन को निर्देश
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त को जानकारी मिली कि आश्रम में दो बुजुर्ग वृद्धावस्था से संबंधित बीमारियों के कारण अस्वस्थ हैं। इसे गंभीरता से लेते हुए श्री मंजूनाथ भजन्त्री ने तत्काल सदर अस्पताल के सिविल सर्जन को फोन कर दोनों बुजुर्गों का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को बुजुर्गों की स्थिति पर निरंतर नजर रखने को कहा है।
बेहतर व्यवस्था के लिए जारी किए महत्वपूर्ण निर्देश
उपायुक्त ने आश्रम के कमरों, किचन, डाइनिंग एरिया और पूरे कैंपस का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रबंधन को निम्नलिखित दिशा-निर्देश दिए:
1. सभी कमरों में पर्याप्त वेंटिलेशन और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
2. किचन और डाइनिंग एरिया में गुणवत्तापूर्ण और पौष्टिक भोजन की व्यवस्था हो।
3. बुजुर्गों की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए मेडिकल टीम सक्रिय रहे।
4. किसी भी आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल बड़े अस्पताल रेफर करने की पुख्ता व्यवस्था हो।
इस दौरे के दौरान जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रांची, श्रीमती उर्वशी पाण्डेय और आश्रम के केयर टेकर भी उपस्थित थे। वर्तमान में इस संस्थान में कई वृद्धजन रह रहे हैं, जिन्हें जिला प्रशासन और संस्था द्वारा आधारभूत सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।

