Ranchi : हमारी जनगणना, हमारा विकास के मूल मंत्र के साथ झारखंड की राजधानी रांची में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शुरुआत 1 मई 2026 से होने जा रही है। इस चरण में मुख्य रूप से मकानों का सूचीकरण और गणना का कार्य किया जाएगा। रांची जिला प्रशासन ने इस बड़े राष्ट्रीय अभियान को सफल बनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने इस संबंध में अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
दो भागों में बंटा है पहला चरण
जनगणना के इस प्रथम चरण को दो समय सीमाओं में विभाजित किया गया है।
1. स्व गणना (सेल्फ इनुमेरिशन): 1 मई से 15 मई 2026 तक नागरिक खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
2. घर-घर गणना: 16 मई से 14 जून 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर मकानों की जानकारी एकत्र करेंगे।
ऑनलाइन स्व गणना की सुविधा
प्रशासन ने नागरिकों की सुविधा के लिए पहली बार स्व गणना का विकल्प दिया है। नागरिक आधिकारिक पोर्टल (se.census.gov.in) पर जाकर अपनी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकते हैं। स्व गणना के बाद एक विशेष आईडी (SE-ID) प्राप्त होगी, जिसे प्रगणक के घर आने पर उनके साथ साझा करना होगा। यह प्रक्रिया स्वैच्छिक है। जो लोग ऑनलाइन जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर जाकर प्रगणक विवरण लेंगे।
4000 से ज्यादा कर्मियों की तैनाती
रांची जिले में इस कार्य को संपन्न कराने के लिए 4232 पदाधिकारियों और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। इनमें 4134 प्रगणक और पर्यवेक्षक शामिल हैं। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देते हुए इस टीम में 1727 महिला कर्मियों को शामिल किया गया है, जबकि 2407 पुरुष कर्मी तैनात रहेंगे। सभी कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है।
पूरी तरह गोपनीय रहेगी आपकी जानकारी
उपायुक्त ने स्पष्ट किया है कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारियां पूरी तरह सुरक्षित और गोपनीय रहेंगी। जनगणना अधिनियम 1948 के तहत डेटा एन्क्रिप्टेड रूप में सुरक्षित रखा जाता है। इस जानकारी का उपयोग किसी भी प्रकार की पुलिस जांच, टैक्स या व्यक्तिगत पहचान उजागर करने में नहीं किया जाएगा। रिपोर्ट में केवल सामूहिक आंकड़े ही जारी किए जाते हैं।
मदद के लिए हेल्पलाइन जारी
जनगणना से संबंधित किसी भी तरह की शंका या तकनीकी सहायता के लिए जिला प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1855 जारी किया है। इसके अलावा जन शिकायतों के लिए रांची जिला प्रशासन के व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त की अपील
उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने जिले के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस राष्ट्रीय दायित्व में सक्रिय रूप से भाग लें। उन्होंने कहा कि जनगणना ही देश के विकास की आधारशिला तैयार करती है, इसलिए प्रगणकों को सही और सटीक जानकारी उपलब्ध कराएं।
Also Read : झारखंड की जेलों में डॉक्टरों की भारी कमी पर हाईकोर्ट सख्त, स्वत: संज्ञान लेकर पीआईएल में बदला मामला


