Chaibasa : चाईबासा जिले के घने सारंडा जंगल क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, हेन्देदिरी का है, जहां मंगलवार की आधी रात दो जंगली हाथी स्कूल परिसर में घुस आए और जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने स्कूल के रसोईघर का दरवाजा तोड़ दिया और अंदर रखे मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) के लिए रखे चावल, दाल, सब्जियां समेत अन्य खाद्य सामग्री खा गए। इतना ही नहीं, हाथियों ने रसोईघर में रखे बर्तन और अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिए। घटना के बाद स्कूल की मिड डे मील व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। बुधवार को जब बच्चे स्कूल पहुंचे, तो उन्हें भोजन नहीं मिल सका।
बच्चों और अभिभावकों में डर का माहौल
राशन खत्म हो जाने के कारण बच्चों को बिना भोजन के ही पढ़ाई करनी पड़ी। स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे पहले से ही हाथियों के डर के बीच स्कूल आते हैं। अब इस घटना के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों की चिंता और बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की लगातार आवाजाही से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। शाम होते ही लोग घरों से बाहर निकलने से डरने लगे हैं।
ग्रामीणों ने बताया पूरी घटना
दुविल गांव निवासी वीर सिंह हांसदा ने बताया कि हेन्देदिरी टोला स्थित इस स्कूल में देर रात दो जंगली हाथियों ने भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि हाथियों ने न सिर्फ भोजन सामग्री नष्ट कर दी, बल्कि स्कूल की संपत्ति को भी काफी नुकसान पहुंचाया। ग्रामीणों के अनुसार, हाथी अभी भी आसपास के जंगलों में मौजूद हैं। ऐसे में फिर से किसी बड़ी घटना की आशंका बनी हुई है।
वन विभाग से कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से तुरंत हस्तक्षेप करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों को आबादी वाले क्षेत्र से दूर भगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। साथ ही स्कूल को हुए नुकसान की भरपाई की जाए और बच्चों के लिए जल्द से जल्द मध्याह्न भोजन व्यवस्था फिर से शुरू कराई जाए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया, तो भविष्य में और बड़ी घटना हो सकती है।
Also Read : गुमला ट्रेजरी ऑफिसर पर वित्त विभाग का शिकंजा, जांच में अड़ंगा लगाने पर 24 घंटे में जवाब देने का नोटिस


