Ranchi: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा यानी JTET 2026 के लिए शुरू हुई ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया इन दिनों चर्चा में है, लेकिन यह चर्चा उत्साह से ज्यादा परेशानियों को लेकर है। पोर्टल में आ रही तकनीकी दिक्कतों से परेशान होकर झारखंड प्रशिक्षित शिक्षक संघ ने झारखंड एकेडमिक काउंसिल यानी जैक के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा है। संघ का कहना है कि आवेदन पोर्टल की खराब कार्यप्रणाली के कारण हजारों अभ्यर्थी मानसिक तनाव में हैं।
आवेदन में सामने आ रही मुख्य समस्याएं
शिक्षकों के संघ ने बताया कि आवेदन पोर्टल बार-बार बंद हो रहा है या सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। इसके अलावा, शैक्षणिक योग्यता दर्ज करने में तकनीकी त्रुटियां, आरक्षण श्रेणी और प्रमाण पत्र संबंधी विकल्पों के चयन में भी गड़बड़ी हो रही है। कई अभ्यर्थी इस बात से भी परेशान हैं कि सिस्टम बार-बार उनके पहचान पत्र (आधार) के विवरण को डुप्लिकेट बता रहा है। इसके अतिरिक्त, आवेदन सबमिट होने के बाद प्रिंट या डाउनलोड का विकल्प भी सक्रिय नहीं हो पा रहा है। बी.एड और डीएलएड अभ्यर्थियों की पात्रता को लेकर भी पोर्टल पर स्पष्ट जानकारी का अभाव बना हुआ है।
संघ की प्रमुख मांगें
शिक्षक संघ ने जैक से मांग की है कि वर्ष 2024 में आवेदन कर चुके अभ्यर्थियों के लिए त्रुटि सुधार का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। साथ ही, आगामी सत्र 2024-26 और 2025-27 के अभ्यर्थियों के लिए अपरिंग सर्टिफिकेट का स्पष्ट फॉर्मेट जारी किया जाए। संघ ने यह भी आग्रह किया है कि जिन अभ्यर्थियों ने पिछले आवेदनों में नाम, माता-पिता का नाम, जन्मतिथि, ईमेल या मोबाइल नंबर जैसे विवरणों में अनजाने में गलती की थी, उन्हें दोबारा आवेदन कर विवरण सुधारने का अवसर मिले।
जैक से अपील
संघ के प्रतिनिधियों ने जैक प्रशासन से आवेदन प्रक्रिया को जल्द से जल्द दुरुस्त करने की अपील की है ताकि किसी भी योग्य अभ्यर्थी का भविष्य तकनीकी कारणों से अधर में न लटके और वे बिना किसी परेशानी के अपना फॉर्म जमा कर सकें।


