Dumka : दुमका जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के डुमरसोल गांव में अंधविश्वास की वजह से एक 55 वर्षीय विधवा महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी युवक को शक था कि पड़ोस में रहने वाली महिला ने उस पर जादू-टोना कर रखा है, जिसकी वजह से वह शादी के 10 साल बाद भी पिता नहीं बन पाया। इसी शक में युवक ने महिला को अपने घर बुलाया और लाठी-डंडे से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
शादी के 10 साल बाद भी नहीं बना पिता
मृतका की पहचान पक्कू हेंब्रम (55) के रूप में हुई है। वह विधवा थी और आरोपी के पड़ोस में रहती थी। आरोपी मुंशी टुडू (35) की शादी 10 साल पहले हुई थी, लेकिन अब तक उसे संतान नहीं हुई थी। परिजनों के अनुसार, इसी बात को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था। पिछले साल उसके पिता की भी मौत हो गई थी। मुंशी टुडू को लगने लगा था कि उसके परिवार में जो भी बुरा हो रहा है, उसके पीछे पक्कू हेंब्रम ही जिम्मेदार है।
महिला को डायन मान बैठा युवक
गांव में पड़ोसन होने के कारण पक्कू हेंब्रम का मुंशी टुडू के घर आना-जाना लगा रहता था। आरोपी को यह भी लगता था कि महिला उसे घर से निकलते समय टोक देती है, जिससे उसका कोई काम सफल नहीं होता। धीरे-धीरे यह शक अंधविश्वास में बदल गया और उसने महिला को डायन मान लिया। वह यह सोचने लगा कि उसी की वजह से उसका परिवार बर्बाद हो रहा है।
बहाने से घर बुलाया, फिर कर दी हत्या
सोमवार रात मुंशी टुडू ने किसी बहाने पक्कू हेंब्रम को अपने घर बुलाया। वहां उसने पहले से योजना बनाकर लाठी-डंडे से महिला पर हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था।
चौकीदार की सूचना पर पहुंची पुलिस
महिला की हत्या की खबर मिलते ही पूरे गांव में हड़कंप मच गया। गांव के चौकीदार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भाग रहे आरोपी मुंशी टुडू को पकड़ लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया है।
बेटी के बयान पर केस दर्ज
मृतका की बेटी मकलू हांसदा के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुमका एसपी पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि आरोपी युवक को लगता था कि उसके घर में जो भी बुरी घटनाएं हो रही हैं, उसके लिए पड़ोस की महिला जिम्मेदार है। इसी सोच के कारण उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Also Read : खादगढ़ा बस स्टैंड में 4 किलो गांजा के साथ युवक गिरफ्तार, ओडिशा से लाया था खेप


