Kolkata : पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में मार्च 2026 में हुए बम विस्फोट मामले में NIA यानी राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस विस्फोट में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अहिदुल इस्लाम मोल्ला के रूप में हुई है। वह दक्षिण 24 परगना जिले के बिजॉयगंज बाजार इलाके का रहने वाला है। NIA ने रविवार को उसे विस्तृत जांच और उसकी भूमिका की पुष्टि के बाद गिरफ्तार किया।
मार्च में हुआ था विस्फोट
मालूम हो कि यह विस्फोट मार्च 2026 में दक्षिण बामुनिया गांव में हुआ था। जांच में सामने आया कि कुछ लोग साजिश के तहत बम तैयार कर रहे थे। इसी दौरान बम अचानक फट गया, जिससे एक आरोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच NIA को सौंपी गई थी।
साजिश और सबूत मिटाने में था शामिल
NIA की जांच में पता चला है कि अहिदुल इस्लाम मोल्ला इस पूरे मामले का सह-साजिशकर्ता था। वह बम बनाने की तैयारी, विस्फोट की योजना और घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश में शामिल था। एजेंसी के अनुसार, आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। विस्फोट उसी दौरान हुआ जब बम तैयार किए जा रहे थे।
पहले भी एक आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में इससे पहले एक अन्य आरोपी को पश्चिम बंगाल पुलिस ने गिरफ्तार किया था। अब NIA इस पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। NIA ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि बम किस उद्देश्य से तैयार किए जा रहे थे और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। इस कार्रवाई के बाद सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
Also Read : चालक को झपकी आई और पेड़ से टकराई कार, पांच की हालत गंभीर


