Lohardaga : लोहरदगा के कुडू थाना क्षेत्र में कुड़ू-लोहरदगा मुख्य मार्ग पर फादर बंगला के पास रविवार सुबह एक बाराती वाहन पेड़ से टकरा गया, जिससे उसमें सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पहले कुड़ू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में प्राथमिक उपचार दिया गया, जिसके बाद बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, रांची के मधुकम निवासी राजेश साहू अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए परिवार के साथ अपनी वैगनआर कार (जेएच 01 एफएफ 7666) से लोहरदगा के गुदरी बाजार स्थित मुंद्रिका बैंक्वेट हॉल गए थे। शादी समारोह समाप्त होने के बाद रविवार की अहले सुबह करीब पांच बजे वे परिवार के साथ वापस रांची लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि सुबह लगभग सात बजे फादर बंगला के पास चालक को झपकी आ गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े एक सूखे आम के पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में कार में सवार परमानंद साहू, राजेश साहू, बंसती देवी, मिली कुमारी और जिसिका कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कुड़ू थाना के सहायक अवर निरीक्षक अविनाश सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कुड़ू सीएचसी पहुंचाया। वहां डॉ. आफताब ने प्राथमिक उपचार किया।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय पत्रकार भी मौके पर पहुंचे और घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रांची रिम्स रेफर कराने में सहयोग किया। बाद में परिवार के सदस्य भी लोहरदगा से कुड़ू पहुंचे और मदद करने वाले सभी लोगों व पत्रकारों का आभार जताया। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Also Read : गिरिडीह बस स्टैंड रोड पर दो लूटकांड का खुलासा, आरोपी देवघर से गिरफ्तार

