Hazaribagh : हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र की कुख्यात दनुआ घाटी में रविवार को भी एक हादसा हो गया। घाटी से गुजर रहे एक ट्रेलर (भारी मालवाहक वाहन) में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया और टेलर धू-धू कर जलने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेलर दनुआ घाटी से गुजर रहा था, तभी अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। चालक जब तक कुछ समझ पाता, तब तक आग तेजी से फैल गई। आग इतनी भयावह थी कि कुछ ही मिनटों में पूरा टेलर जलने लगा। आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस और स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही चौपारण थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक ट्रेलर पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था। इस घटना में राहत की बात यह रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। चालक और आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल गए। यदि आग पास के अन्य वाहनों तक फैल जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
दनुआ घाटी में अक्सर होते हैं हादसे
दनुआ घाटी पहले से ही दुर्घटनाओं के लिए बदनाम है। लगातार सड़क हादसों और भारी वाहनों की दुर्घटनाओं के कारण इसे “मौत की घाटी” कहा जाता है। बीते शनिवार को भी यहां एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गयी थी, जिसमें एक ही परिवार के ठह लोगों की दर्दनाक मौत हो गयी थी।
Also Read : चालक को झपकी आई और पेड़ से टकराई कार, पांच की हालत गंभीर


