Koderma : झारखंड के कोडरमा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब वर और वधु पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई और कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, ध्वजाधारी पहाड़ के पास शनिदेव मंदिर के नजदीक शादी समारोह चल रहा था। शुरुआत में सब कुछ सामान्य था और शादी की रस्में हंसी-खुशी निभाई जा रही थीं। लेकिन जैसे ही शादी की प्रक्रिया पूरी हुई, सुबह-सुबह किसी बात को लेकर दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते बढ़ा मामला, मारपीट में बदला माहौल
बहस धीरे-धीरे इतनी बढ़ गई कि बात मारपीट तक पहुंच गई। दोनों पक्षों के लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े। इस दौरान करीब दर्जन भर लोग घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शादी का माहौल पूरी तरह तनाव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के दौरान लात-घूंसे चले और टेंट की कुर्सियां तक तोड़ दी गईं। बताया जा रहा है कि भोजन व्यवस्था को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हुआ था, जिसके बाद मामला बेकाबू हो गया।
गश्ती पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही गश्ती पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया। अगर समय पर पुलिस नहीं पहुंचती, तो मामला और गंभीर हो सकता था। मारपीट में घायल लोगों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, घटना के बाद वर पक्ष के कुछ लोग मौके से फरार हो गए। वधु पक्ष के लोगों का कहना है कि इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई जाएगी। हालांकि, थाना प्रभारी के अनुसार अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक आवेदन नहीं दिया गया है।
Also Read : दनुआ घाटी में बढ़ते सड़क हादसों पर SP सख्त, अवैध कट बंद करने समेत दिये कई निर्देश


